बिजनौर, 10 सितंबर। मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने के लिए देश के युवाओं के विचारों, नवाचारों और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।
जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत (MY Bharat), बिजनौर के अनुसार VBYLD-2027 के माध्यम से युवाओं को नीति-निर्माण एवं राष्ट्र-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने तथा विकसित भारत के लक्ष्य में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के प्रथम चरण के रूप में विकसित भारत क्विज आयोजित की जा रही है। इसमें 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों के लिए MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकृत युवा सीधे क्विज में शामिल हो सकते हैं, जबकि नए प्रतिभागियों को OTP सत्यापन और आवश्यक न्यूनतम विवरण के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।
VBYLD-2027 चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। इनमें विकसित भारत क्विज, निबंध/विचार प्रस्तुति, राज्य स्तरीय प्रस्तुति तथा राष्ट्रीय स्तर पर यंग लीडर्स डायलॉग शामिल हैं। प्रत्येक चरण में चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों एवं नीति-निर्माताओं के साथ संवाद का अवसर मिलने के साथ भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में सहभागिता तथा प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर भी प्राप्त हो सकता है।
जिला युवा अधिकारी ने जनपद के महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, नेहरू युवा केंद्र, एनएसएस, एनसीसी तथा अन्य युवा संगठनों से अधिक से अधिक युवाओं को विकसित भारत क्विज में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल mybharat.gov.in पर पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला युवा अधिकारी कार्यालय, बिजनौर से संपर्क किया जा सकता है।



