
बिजनौर, 8 जुलाई। जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए पांच तहसीलों में छापेमारी की। अभियान के दौरान मसाले, सॉस, अचार और पैकेज्ड पेयजल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 16 नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्यालय आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश पर यह अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सदर बिजनौर, नगीना, चांदपुर, नजीबाबाद और धामपुर तहसीलों में मसालों, अचार, सॉस, मुरब्बा निर्माण इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
छापेमारी के दौरान रेड चिली सॉस, ग्रीन चिली सॉस, टोमैटो कैचअप, मिक्स अचार, ग्रीन चिली पिकल, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर तथा पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के कुल 16 नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने और गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत भी दी।
अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम असीष मौर्य ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार, डी.के. वर्मा, नरेश कुमार, रेनू सिंह, शम्भू दयाल, अनिल कुमार और अमित सिंह शामिल रहे।