

बिजनौर। पिछले दिनो चीनी के दामों में आए अचानक उछाल के कारण केंद्र सरकार ने चीनी के स्टाक व विक्री पर निगरानी कड़ी कर दी है। इसी क्रम में चीनी के स्टॉक, उठान और बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार की टीम ने बुधवार को बिजनौर जिले की दो प्रमुख चीनी मिलों का निरीक्षण किया। टीम ने अफजलगढ़ स्थित द्वारिकेश शुगर मिल और धामपुर चीनी मिल में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया। इसके साथ ही बिक्री दर, खरीदारों का विवरण, चीनी उठान और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की गई।
जिला गन्ना अधिकारी ब्रजेश कुमार पटेल के अनुसार, गन्ना आयुक्त एवं चीनी उद्योग विभाग के निर्देश पर यह निरीक्षण कराया गया। द्वारिकेश शुगर मिल अफजलगढ़ में केंद्र सरकार द्वारा गठित टीम में चीनी निदेशालय, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निदेशक दीपक कुमार तथा भारतीय खाद्य निगम के संजय कुमार दत्ता और बिमल कुमार चौहान शामिल रहे।
रजिस्टर से लेकर बिल्टी तक की जांच
निरीक्षण के दौरान टीम ने मिल में मौजूद शर्करा स्टॉक, चीनी उठान, बिक्री के लिए जारी एडवाइस, खरीदारों के विवरण और बिक्री दरों की पड़ताल की। इसके लिए आरजी-1 रजिस्टर, प्रोफार्मा-2, सेल इनवॉइस और बिल्टी सहित अन्य संबंधित अभिलेखों को देखा गया। टीम ने अभिलेखों में दर्ज स्टॉक का मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक से भौतिक सत्यापन और मिलान किया।
उधर, धामपुर मिल में भी केंद्र सरकार की टीम ने धामपुर चीनी मिल का भी निरीक्षण किया। यहां शुगर स्टॉक, चीनी उठान और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। आरजी-1 रजिस्टर, प्रोफार्मा-2, सेल इनवॉइस और बिल्टी का उपलब्ध स्टॉक से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों चीनी मिलों के गन्ना एवं वाणिज्यिक विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।


