धामपुर में सरकारी आवास पर मृत मिले 53 वर्षीय डॉक्टर, सिर से बह रहा था खून
चकसहजानी स्थित 100 बेड अस्पताल में ईएमओ के पद पर थे तैनात, सोमवार को ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों ने आवास पर जाकर देखा; पुलिस ने फील्ड यूनिट बुलाकर शुरू की जांच
बिजनौर। धामपुर क्षेत्र के चकसहजानी गांव स्थित 100 बेड अस्पताल में तैनात 53 वर्षीय चिकित्सक डॉ. नवनीत कुमार यादव सोमवार को अपने सरकारी आवास में मृत मिले। वह अस्पताल में इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के पद पर कार्यरत थे। उनका शव आवास के अंदर जमीन पर औंधे मुंह पड़ा मिला। सिर से खून निकल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल चिकित्सक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कर्मचारियों को हुई चिंता
डॉ. नवनीत कुमार यादव मूल रूप से बागपत के रहने वाले थे और पिछले करीब तीन वर्षों से चकसहजानी स्थित अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। जानकारी के अनुसार, शनिवार को ड्यूटी पूरी करने के बाद वह अपने सरकारी आवास पर चले गए थे। रविवार को उनका अवकाश था।
सोमवार सुबह जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो अस्पताल के कर्मचारियों को चिंता हुई। इसके बाद कर्मचारी उन्हें देखने के लिए उनके सरकारी आवास पर पहुंचे। वहां क्वार्टर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो चिकित्सक जमीन पर औंधे मुंह पड़े थे और उनके सिर से खून निकल रहा था। कर्मचारियों ने तत्काल अस्पताल प्रशासन को सूचना दी।
पुलिस ने मौका मुआयना किया
सूचना मिलने पर धामपुर कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। जांच के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिकित्सक के सिर पर चोट कैसे लगी और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



