टॉप न्यूज़यूपीशिक्षा

कुट्टू का आटा खाने से 25 लोग बीमार, नवरात्र व्रत के भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

रामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए मरीजों में उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत; खाद्य विभाग ने शुरू की जांच, आटा बेचने वाले दुकानदार का पता लगाया जा रहा

रामपुर। नवरात्र के दौरान व्रत में कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने के बाद रामपुर में 25 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सोमवार सुबह तक अलग-अलग परिवारों के इन लोगों को पेट दर्द, उल्टी-दस्त और जी मिचलाने जैसी शिकायतों के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह के अनुसार, किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है।

मरीजों के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच उन्होंने कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी, पराठे और पूरियां खाई थीं। इसके दो से तीन घंटे बाद कई लोगों को परेशानी होने लगी। सोमवार तड़के से सुबह आठ बजे तक मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। चिकित्सकों ने सभी मरीजों में खाद्य विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) जैसे लक्षण बताए हैं। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण और इस्तेमाल किए गए आटे की गुणवत्ता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

खुले आटे की गुणवत्ता सवालो के घेरे में

मोहल्ला लाल कब्र निवासी 65 वर्षीय हीरालाल ने बताया कि उन्होंने नयागंज बाजार से खुला कुट्टू का आटा खरीदा था। घर में रात को पकौड़ियां बनाई गईं। खाना खाने के कुछ घंटे बाद उन्हें और उनके बेटे राजेश को उल्टी और घबराहट होने लगी। हीरालाल के अनुसार, आटे के पैकेट पर कोई पर्ची या एक्सपायरी की तारीख नहीं थी, जिससे उसकी गुणवत्ता की जानकारी नहीं मिल सकी।

मीर खान मोहल्ले के करण सिंह ने बताया कि उनके घर में कुट्टू के आटे के पराठे बनाए गए थे। इन्हें खाने के बाद उनकी 24 वर्षीय बेटी कोमल और परिवार के अन्य सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है।

मुरादाबाद के एक परिवार के सात सदस्य भी बीमार

मुरादाबाद जिले के मुंडा पांडे थाना क्षेत्र स्थित धतूरा वाली मिलक गांव के एक परिवार के सात सदस्य भी बीमार होकर रामपुर जिला अस्पताल पहुंचे। परिवार के हरिशंकर के मुताबिक, नवरात्र व्रत के चलते रविवार रात करीब 10रू30 बजे पूजा के बाद ज्वाला नगर से कुट्टू का आटा खरीदा गया था। घर पहुंचकर उससे पूरियां और पकौड़ियां बनाई गईं। भोजन करने के दो से तीन घंटे बाद परिवार के सदस्यों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। अस्पताल में भर्ती कराए गए लोगों में हरिशंकर (29), विशेष कुमार (26), पूनम (26), अंजलि (26), राखी (27), संतोष (55) और कैलाश (53) शामिल हैं।

शहर के कई मोहल्लों से पहुंचे मरीज

जैन मंदिर क्षेत्र निवासी सलोनी के मुताबिक, उनके परिवार के दीक्षा, राजकुमार और आदी भी अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार ने दुकान से खुला कुट्टू का आटा खरीदा था। दुकानदार ने आटा खुद पिसवाने की बात कही थी।

कुआं मोहल्ला निवासी राघव कुमार (27) को सोमवार तड़के करीब 4 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके घर में भी कुट्टू के आटे से पकौड़ियां बनाई गई थीं। इन्हें खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

खारी कुआं क्षेत्र में भी एक परिवार के तीन सदस्य बीमार हुए। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, राजीव (20), शिवम (18) और 12 वर्षीय राजेश को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इसी क्षेत्र में 60 वर्षीय प्रभाकर, उनकी बेटी नीतू और बेटे रवि की तबीयत भी कुट्टू के आटे से बने पराठे खाने के बाद बिगड़ने की बात सामने आई है।

शिव मंदिर कॉलोनी निवासी बिजापति और उनकी 18 वर्षीय बेटी निधि को भी पकौड़ियां खाने के बाद परेशानी हुई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

खाद्य विभाग ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि प्रभावित परिवारों ने कुट्टू का आटा कहां से खरीदा था और क्या सभी मामलों में इस्तेमाल की गई खाद्य सामग्री एक ही स्थान से सप्लाई की गई थी। फिलहाल इसकी पुष्टि खाद्य पदार्थ के नमूनों की जांच और विभागीय पड़ताल के बाद ही होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है और फिलहाल किसी की हालत गंभीर नहीं है। उन्होंने लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!