टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

बिजनौर आईटीआई मे वृहद रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर

13 अक्टूबर को जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजन, कंपनियों की सहभागिता और अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

बिजनौर, 12 अक्टूबर। जनपद के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बिजनौर परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि प्रतिभाग करेंगे। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरूप चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने रोजगार मेले के सफल आयोजन और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का जोर अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही मेले में आने वाले अभ्यर्थियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों के अभ्यर्थियों को बुलाने के निर्देश

राजकीय आईटीआई एवं राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्यों तथा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक को निर्देश दिए गए हैं कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए। संस्थानों के प्लेसमेंट सेल में पंजीकृत कंपनियों से संपर्क कर उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रतिभागी कंपनियों की सूची जिला सेवायोजन अधिकारी को उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

उपायुक्त उद्योग को जनपद की निजी कंपनियों से संपर्क कर रिक्त पदों के सापेक्ष रोजगार मेले में उनकी भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी को महाविद्यालयों में अध्ययनरत तथा पढ़ाई पूरी कर चुके अभ्यर्थियों को मेले में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सुरक्षा, चिकित्सा और यातायात की व्यवस्था के निर्देश

रोजगार मेले में भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सुबह 10 बजे से एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम उपलब्ध कराने को कहा गया है।

अग्निशमन अधिकारी को सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त अग्निशमन कर्मियों और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका परिषद बिजनौर के अधिशासी अधिकारी को मेला स्थल की साफ-सफाई कराने तथा 13 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से पहले पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था पूरी करने को कहा गया है।

युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होने की अपील

जिला प्रशासन ने युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपनी शैक्षिक योग्यता और प्रशिक्षण से संबंधित प्रमाणपत्रों के साथ बायोडाटा तथा पहचान पत्र भी लेकर पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!