टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीराजनीतिविकास

नवागत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने संभाला बिजनौर का पदभार

जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता

बिजनौर, 23 सितंबर। नवागत जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहुंचकर बिजनौर के जिलाधिकारी का विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से पहले पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस और कोषागार परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी से परिचय प्राप्त किया।

पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में मीडिया से वार्ता कर अपनी प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताएं ही जिला प्रशासन की प्राथमिकताएं होंगी। उनका जोर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने पर रहेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद मुख्यालय के साथ तहसील, विकासखंड और थाना स्तर पर मॉनिटरिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके। विभिन्न योजनाओं की नियमित समीक्षा के साथ निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता पर भी निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। आमजन और फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा। अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवाओं से जुड़ी योजनाओं, रोजगार और स्वरोजगार सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की नियमित समीक्षा किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं को कागजों तक सीमित रखने के बजाय उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापरक समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए जनहित में निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, वरिष्ठ कोषाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!