

जिलाधिकारी जसजीत कौर स्कूली बालिकाओं के साथ भोजन करते हुए।
बिजनौर, 21 अगस्त। जिलाधिकारी जसजीत कौर शुक्रवार को विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्रांतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, धर्मनगरी का निरीक्षण किया किया तथा बालिकाओं के साथ भोजन भी किया। डीएम ने विद्यालय की गिरी हुई बाउंड्रीवाल को शीघ्र ठीक करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में बालिकाओं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के उपरांत बालिकाओं से बातचीत कर विद्यालय में पढ़ाई की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। बालिकाओं ने उन्हें बताया कि विद्यालय में पढ़ाई ठीक प्रकार से होती है। वार्डन द्वारा जिलाधिकारी को बताया गया कि बालिकाओं को प्रातः नाश्ते में फल एवं दूध तथा दोपहर के भोजन में निर्धारित मेन्यू के अनुसार दाल, चावल, रोटी, सब्जी, रायता एवं सलाद उपलब्ध कराया जाता है। शाम को चाय, बिस्किट, चने एवं परमल तथा रात्रि में शाम 7 बजे भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वार्डन जिलाधिकारी को बताया कि विद्यालय की एक ओर की बाउंड्रीवाल गिर गई है, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर विकास खंड मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्रांतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, धर्मनगरी का निरीक्षण करते हुए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी विद्यालय के किचन के सामने बरामदे में बनाये जा रहे खाने का निरीक्षण किया तथा भोजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ स्थान पर रखने के निर्देश दिए। विद्यालय की बालिकाओं के लिए तैयार भोजन की गुणवत्ता एवं स्वाद की जांच करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने बालिकाओं के साथ भोजन भी किया। भोजन से पूर्व उनके द्वारा बच्चों के साथ “थैंक गॉड की प्रेयर” भी की गई।
जिलाधिकारी ने बालिकाओं की सामान्य जानकारी एवं बौद्धिक क्षमता को भी परखा।
उन्होंने बालिकाओं से प्रतिदिन फल खाने, भोजन से पहले हाथ अच्छी तरह धोने तथा मेहनत एवं लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय में बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना, वार्डन, अध्यापिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

