टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपीलोकल न्यूज़विकासशिक्षा

संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, जागरूकता वाहनों को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 अक्टूबर से घर-घर दस्तक अभियान, डीएम ने दिलाई स्वच्छता एवं रोग नियंत्रण की शपथ

बिजनौर, 1 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक तथा घर-घर दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और जागरूकता से संबंधित शपथ भी दिलाई।

लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और जागरूकता की शपथ दिलाते जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह

शपथ के माध्यम से लोगों से अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, गांव एवं मोहल्ले के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। साथ ही बुखार से पीड़ित व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाने के लिए उसके परिवार को प्रेरित करने की बात कही गई।

चौराहों और प्रमुख मार्गों से गुजरी जागरूकता रैली

जागरूकता प्रचार वाहन रैली कलेक्ट्रेट से रवाना होकर नुमाइश ग्राउंड चौराहा सहित विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

अभियान से संबंधित जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5145 जारी किया गया है। संबंधित अधिकारी के अनुसार, आमजन इस नंबर पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, संचारी रोग नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!