देशबिजनौरयूपीराजनीति

बिजलीकर्मियों से मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े अभियंता

पांचवें दिन भारी बारिश में भी सामूहिक उपस्थिति, गिरफ्तारी नहीं हुई तो कठोर निर्णय लेने की चेतावनी

बिजनौर। बागड़पुर गांव में विद्युत चेकिंग के दौरान अवर अभियंता और विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट के मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से विद्युत अभियंताओं का विरोध पांचवें दिन भी जारी रहा। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन, जनपद शाखा बिजनौर के बैनर तले सोमवार को भारी बारिश के बीच अवर एवं प्रोन्नत अभियंताओं ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय, आवास विकास, बिजनौर में सामूहिक उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कुमार तथा संचालन आकाश वर्मा ने किया। संगठन प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता के माध्यम से प्रशासन से की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। संगठन का कहना है कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि बागड़पुर गांव में विभागीय निर्देश पर हाई लॉस फीडर चेकिंग के दौरान विद्युत विभाग की टीम वीडियोग्राफी कर रही थी। इसी दौरान अवर अभियंता सुदीप शर्मा और विभागीय कर्मचारियों से जानलेवा हमला और अभद्रता की गई। संगठन ने मामले में नामजद मुख्य अभियुक्त सुधांशु, अंकित, मोहित और नवनीत की गिरफ्तारी की मांग की है।

संगठन के अनुसार, अधिशासी अभियंता ईशान भारती ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जाने की जानकारी दी। संगठन ने प्रशासन से अपील की कि नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि पर्याप्त सुरक्षा के अभाव में राजस्व वसूली और विद्युत चोरी के खिलाफ कार्रवाई करना संभव नहीं है।

प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता को अवगत कराया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से जिले के विद्युत अभियंताओं और कर्मचारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। संगठन के मुताबिक, अधीक्षण अभियंता द्वारा प्रशासन से लगातार संपर्क कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

संगठन ने कहा कि यदि नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो संगठन कठोर निर्णय लेने के लिए बाध्य होगा। फिलहाल उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को देखते हुए सामूहिक उपस्थिति कार्यक्रम को स्थगित करने की बात कही गई है।

ये अभियंता और कर्मचारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मनोज मौर्य (एसडीओ), उमेश पाल (विद्युत एई), आशुतोष, जगदीश प्रसाद (एसडीओ), मुकेश पाल, शक्ति सिंह, सुमित कुमार, रामानन्द चौधरी, खेमचंद, सुजीत, सद्दाम अली, यशपाल, भानु प्रताप, सुरेश, संजीव कुमार और जितेन्द्र सहित जनपद अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ तथा अन्य अवर एवं प्रोन्नत अभियंता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!