बैंकों में तीन दिन रहेगी हड़ताल, रविवार को ही निपटा लें काम
राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते 28, 29 और 30 सितंबर को बंद रहेंगे बैंक

बिजनौर, 25 सितंबर। आगामी 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाएं खुली रहेंगी।
जनपद की अंग्रणीय बैंक पीएनबी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान को देखते हुए ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटाने के लिए अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को शाखाएं संचालित रखने का निर्णय लिया गया है।
सूचना में बताया गया है कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश के अनुसार बैंकों की शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से संबंधित शाखाओं तथा करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर को संचालित रखा जाएगा।
बैंक ग्राहकों से अपील की गई है कि वे रविवार को उपलब्ध अतिरिक्त कार्यदिवस का लाभ उठाते हुए अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा कर लें, ताकि 28 से 30 सितंबर के दौरान प्रस्तावित हड़ताल से होने वाली असुविधा से बचा जा सके।



