काजीपाड़ा में युवक पर फायरिंग, बाइक-तमंचा छोड़ भागे बदमाश
पीछा कर रहे बाइक सवारों ने गली में चलाई गोली, लोगों के जुटने पर भागे बदमाश; पुलिस ने शुरू की जांच

बिजनौर,13 सितंबर। शहर के काजीपाड़ा मोहल्ले में शनिवार रात उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार युवकों ने एक युवक का पीछा करते हुए फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और तमंचा कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि बुल्ला का चौराहा निवासी आमिर पुत्र अफसर का रामलीला क्षेत्र निवासी वासु से विवाद चल रहा है। आमिर का आरोप है कि एक दिन पहले वासु और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद उसने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी थी।

आमिर के अनुसार शनिवार रात वासु और उसके साथी बाइक से उसका पीछा करते हुए काजीपाड़ा पहुंचे। बचने के लिए आमिर कारी अरशद वाली गली में घुस गया। आरोप है कि इसी दौरान पीछा कर रहे युवकों ने तमंचे से गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। पास में स्थिति वाल्मीकि बस्ती के कुछ युवक भी मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस बरामद बाइक और तमंचे के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि काजीपाड़ा में घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



