

बिजनौर, 12 सितंबर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार को थाना हल्दौर और थाना कोतवाली शहर में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस में जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई ने लोगों की समस्याएं सुनी।
समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए विशेष रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण, आपसी विवाद और अन्य राजस्व-पुलिस से जुड़े मामलों का नियमानुसार समाधान कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों के निस्तारण में प्राथमिकता बरतने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधीक्षक के.के. बिश्नोई समेत पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




