Uncategorizedटॉप न्यूज़बिजनौरयूपीविकास

सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं वंचित लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाएं अधिकारी- चन्द्रशेखर आजाद

बिजनौर के विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेते नगीना लोकसभा क्षेत्र सांसद चन्द्रशेखर आजाद, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, चांदपुर क्षेत्र के विधायक स्वामी ओमवेश, जिलाधिकारी जसजीत कौर।    

बिजनौर, 18 अगस्त। नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसाद एड0 चंद्रशेखर आजाद की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं वंचित लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
नगीना सांसद एड. चंद्रशेखर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामों में शौचालय निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अगले 15 दिनों में पात्र एवं वंचित लोगों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निकायों में सफाई कर्मचारियों के वेतन में एकरूपता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
सासद चन्द्रशेखर ने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिषदीय विद्यालयों के भवन, साफ-सफाई, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर रखी जाए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि कार्ड धारकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सांसद ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से किरतपुर मार्ग के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि निर्माण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा आगामी माह से निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
सांसद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ढीले तारों को दुरुस्त कराने तथा घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार के हमले में हुई मृत्यु एवं घायलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पिछले पांच वर्षों में किसानों को दिए गए पट्टों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक की सह-अध्यक्षता कर रहे सांसद बिजनौर चंदन चौहान ने चांदपुर विधानसभा क्षेत्र में संभावित बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की समय-समय पर स्वयं जांच करने के निर्देश दिए।
चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक स्वामी ओमवेश ने चांदपुर-बास्टा मार्ग के निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने जनप्रतिनिधियों का बैठक में स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाये गए उत्पाद भेंट स्वरूप दिए। उन्होंने बताया कि दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ प्राप्त कर रहे चार युवकों के सरकारी नौकरी में चयनित होने पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जीराम जी योजना, जो 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है, के अंतर्गत जिले में 500 तालाबों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 250 तालाबों पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्य दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने बताया कि साथ ही मानव दिवस सृजन के निर्धारित लक्ष्य को भी दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1,39,348 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 28,824 महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए अलग से रोजगार मेले का आयोजन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत भेजे गए पांच प्रस्तावों में से दो प्रस्तावों को स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत जिले में अब तक 19,72,098 बैंक खाते खोले जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक 50,798 खाते खोले गए हैं। इसी प्रकार अटल पेंशन योजना के अंतर्गत अब तक 26,165 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत अब तक 1,28,009 लाभार्थियों को लाभ दिया गया है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, विभिन्न पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य विभाग, बैठक में विद्युत विभाग, दिव्यांगजन कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, जल जीवन मिशन ग्रामीण व नगरीय, उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की एक-एक कर समीक्षा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक से पूर्व नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चन्द्रशेखर ने विकास भवन परिसर में डा0 भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। बैठक की सह अध्यक्षता लोकसभा क्षेत्र बिजनौर के सांसद चंदन चौहान ने की। इस अवसर पर चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, जिलाधिकारी जसजीत कौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!