टॉप न्यूज़बिजनौरयूपी

“संयुक्त प्रांत” का नाम बदल किया गया था “उत्तर प्रदेश”

बिजनौर में 'उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस' का भव्य आयोजन, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया शुभारंभ

बिजनौर, राष्ट्रीय पंचायत।

जनपद में ‘उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस’ का आगाज बेहद उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। कलेक्ट्रेट स्थित इंदिरा बाल भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नहटौर विधायक ओम कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रण विजय सिंह और नगर पालिका चेयरपर्सन सहित तमाम अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सबसे पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके उपरांत स्कूली छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत और देशप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अपने संबोधन में अनिल कुमार ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए इसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को ‘संयुक्त प्रांत’ का नाम बदलकर ‘उत्तर प्रदेश’ रखा गया था, जिसकी याद में वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ मनाने की गौरवशाली परंपरा शुरू हुई है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष यह उत्सव 24 से 26 जनवरी तक तीन दिनों तक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर’ की अर्थव्यवस्था बनाना है। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का एक मजबूत स्तंभ बनकर ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में उभर चुका है। उन्होंने जनसमूह का आह्वान किया कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। उत्सव के विशेष अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने शिक्षा, खेल, उद्योग और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, टूल किट, प्रधानमंत्री आवास की चाबियां और ट्राईसाइकिल वितरित कर उन्हें लाभान्वित किया। इस दौरान भारी संख्या में शहरवासी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!