बिजनौर। जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर ने कहा कि मतदाता नामावलियों का निर्माण जितनी निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी से किया जाएगा, उतना ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था सशक्त होगी। वह मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचक नामावली की प्रक्रिया वर्तमान में महत्वपूर्ण चरण में है। उन्होंने सभी सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सुपरवाइजर्स एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि 6 जनवरी 2026 से 6 फरवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में नाम शामिल न करा सके।
उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-6 भरवाने पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए। साथ ही प्रपत्र-6 के अंतर्गत मतदाताओं के वेरिफिकेशन एवं मैपिंग का कार्य पूरी सावधानी से करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को मतदाता जागरूकता के लिए रैलियों के आयोजन तथा स्कूलों में शपथ ग्रहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस के अवसर पर सभी पोलिंग बूथों पर सुपरवाइजर्स एवं बीएलओ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा पूर्वाह्न 11 बजे मतदाताओं को शपथ दिलाई जाएगी। आवश्यकता अनुसार अन्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वानिया सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भाजपा से धीर सिंह, सपा से अहमद खिज़्र, बसपा से मुहम्मद सिद्दीक तथा कांग्रेस से अनिल त्यागी उपस्थित रहे।


