यूपी की नौकरशाही में देर रात बड़ा फेरबदल
14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारी बदले
लखनऊ,14 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए। इस बदलाव में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) के साथ-साथ शासन और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी परिवर्तन किया गया है।
तबादला सूची के अनुसार सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्ट-अप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है। उनके स्थान पर राज्यकर विभाग के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं लखीमपुर खीरी के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग में सचिव बनाया गया है। वहीं विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) के पद पर भेजा गया है।
इसी क्रम में रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) नियुक्त किया गया है। अंबेडकरनगर के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है।
कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं संयुक्त निदेशक, युवा कल्याण अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को विशेष सचिव, ग्राम्य विकास विभाग बनाया गया है। सहारनपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक बदलाव में चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव पद की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।


