
नई दिल्ली, 13 सितंबर। 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के समापन पर दलित इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (DIA) ने नई दिल्ली घोषणा में व्यापार और आर्थिक सहयोग से जुड़े प्रस्तावों का स्वागत किया है। एसोसिएशन ने स्थानीय मुद्राओं में व्यापार, MSME सहयोग, स्टार्टअप नेटवर्क और डिजिटल सहयोग को छोटे एवं मध्यम उद्यमों, विशेषकर SC-ST उद्यमियों के लिए संभावनाओं वाला बताया।
DIA के अनुसार, स्थानीय मुद्राओं में सीमा-पार व्यापार और BRICS पेमेंट टास्क फोर्स जैसी पहल से छोटे उद्यमों की अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच आसान हो सकती है। एसोसिएशन ने MSME सहयोग पोर्टल, इनक्यूबेटर नेटवर्क और स्टार्टअप नॉलेज हब को भी महत्वपूर्ण बताया।
एसोसिएशन ने क्रिटिकल मिनरल्स, ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन और बैटरी वैल्यू चेन में BRICS सहयोग को नए विनिर्माण एवं स्टार्टअप अवसरों से जोड़ते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में SC-ST उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाई जानी चाहिए।
DIA ने समावेशी खरीद व्यवस्था और SC-ST स्टार्टअप एक्सचेंज जैसे प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की बात कही। संगठन के अनुसार, उसके नेटवर्क से जुड़े 5,000 से अधिक SC-ST MSMEs को वैश्विक व्यापारिक अवसरों से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
DIA के प्रतिनिधि एवं BRICS बिजनेस फोरम 2026 से जुड़े डॉ. डी.एन. प्रसाद ने कहा कि एसोसिएशन SC-ST उद्यमियों को वैश्विक व्यापार और निवेश के अवसरों से जोड़ने के लिए काम करता रहेगा।