टॉप न्यूज़देशयूपीराजनीति

यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, नौ यात्रियों की मौत

जेवर के पास हादसे में कई यात्री घायल, 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया; आग लगने के कारणों की जांच जारी

 

ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर। यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में अचानक आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा एक्सप्रेस-वे के करीब 33 किलोमीटर के पास हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मृतकों में एक महिला और आठ पुरुष बताए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रवाना हुई थी और जेवर क्षेत्र में पहुंचने के दौरान उसमें आग लग गई। रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि धुएं और तेज लपटों के कारण कई यात्री अंदर फंस गए। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के कारण की जांच

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में बस के वातानुकूलन तंत्र में चिंगारी अथवा विस्फोट से आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने चालक और परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

यात्री ने दर्ज कराई एफआईआर

हादसे के संबंध में यात्री सुनील कुमार, निवासी राठ, हमीरपुर, की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। उनका आरोप है कि नोएडा से आगे बस के केबिन से जलने की गंध आने लगी थी। कुछ यात्रियों ने इसकी जानकारी चालक और परिचालक को दी, लेकिन तत्काल बस रोककर जांच नहीं की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद चालक की सीट के पास से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थीं

मुख्यमंत्री ने समुचित उपचार के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे में हुई मौतों पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

पीएम मोदी ने दुख जताया, मुआवजे का एलान

ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवेदनाएं प्रकट कीं हैं। एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बस में आग लगने की घटना में हुई मौतों के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। मृतकों के परिजनों को च्डछत्थ् से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!