सहज योग के प्रति जागरूकता को निकली शोभायात्रा

बिजनौर। सहज योग ध्यान केंद्र बिजनौर की ओर से योग के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का नेतृत्व बिजनौर जनपद प्रमुख डॉ. राजेंद्र सिंह ने किया।
केंद्र प्रभारी इशांक माहेश्वरी ने बताया कि शोभायात्रा विदुर कुटी रोड स्थित बुखारा पेट्रोल पंप से शुरू हुई। यात्रा शहर कोतवाली के सामने से होते हुए शक्ति चौक, सिविल लाइंस, मुख्य डाकघर, रोडवेज बस स्टैंड, प्रदर्शनी मैदान चौराहा, जजी चौक और वर्धमान कॉलेज के सामने से होकर नजीबाबाद रोड स्थित कृष्णा फार्म के निकट वैदिक नगर लाइन पार केंद्र पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में संस्था से जुड़े लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर भजन-कीर्तन करते हुए शामिल हुए। वहीं बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पैदल चल रहे थे। प्रतिभागियों के हाथों में सहज योग के प्रति जागरूकता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां थीं। यात्रा के दौरान लोगों को योग और ध्यान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।



