
बिजनौर। जनपद में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की योजनाओं को गति देने के लिए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात समिति एवं विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद को मिले 204 लाभार्थियों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 187 युवाओं को योजना का लाभ मिल चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने शेष लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए पात्र युवाओं की पहचान, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा बैंक स्तर पर ऋण स्वीकृति एवं वितरण में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि जनपद को लक्ष्य प्राप्ति में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करने के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
एमओयू क्रियान्वयन तंत्र की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निवेश परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और निवेशकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को पोर्टल पर सूचनाओं का नियमित अद्यतन करने तथा आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्यात समिति एवं जिला प्रोत्साहन निर्यात समिति की बैठक में स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि नए निर्यातकों को प्रोत्साहित किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो। एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपद के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, सड़क, परिवहन, भूमि आवंटन, बैंक ऋण तथा प्रदूषण संबंधी स्वीकृतियों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त उद्योग अमित कुमार, उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु विकास कुमार अग्रवाल, मुनिश त्यागी, नितिन अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।


