आयुक्त संगीता सिंह ने सेवा संकल्प अभियान की रंगोलियों का किया अवलोकन
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित, बोलीं—2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी
बिजनौर, 17 अक्टूबर। मुरादाबाद मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को बिजनौर स्थित इंदिरा बाल भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन रंगोलियों के माध्यम से ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ की संकल्पना को प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहायक अध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयुक्त ने ड्रोन के माध्यम से भी रंगोलियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने रात्रि में रंगोलियों के पास दीप प्रज्ज्वलित करने के निर्देश दिए।
2047 तक विकसित भारत बनाने में निभाएं जिम्मेदारी
आयुक्त संगीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया गया। मुरादाबाद मंडल में अभियान के तहत विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय और जनसहभागिता से अनेक गतिविधियां आयोजित कीं, जिनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और आमजन ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से पालन करते हुए राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए।

आयुक्त ने अभियान में योगदान देने वाले मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना से किए गए प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित सहित अन्य मजिस्ट्रेट तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




