
बिजनौर, 17 अक्टूबर। मुरादाबाद मंडल की आयुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को बिजनौर स्थित महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ओपीडी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और इमरजेंसी सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में संचालित स्कैन एंड शेयर व्यवस्था की जानकारी लेते हुए इसे प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा, ताकि मरीजों को पंजीकरण संबंधी सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकें।
200 बेड के नए भवन और ओटी का भी लिया जायजा
मंडलायुक्त ने चिकित्सालय के 200 बेड वाले नवीन भवन, नए ऑपरेशन थिएटर और ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने, मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत उपकरणों को सुचारू और अद्यतन बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 3,000 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मरीजों और तीमारदारों से शिष्ट व्यवहार के निर्देश
आयुक्त संगीता सिंह ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के प्रति चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार संवेदनशील, सहयोगात्मक और शिष्ट होना चाहिए। उपचार के दौरान मरीजों को अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।
बिजनौर दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने गंगा बैराज का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य चौधरी ललिता सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।




