
बिजनौर, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश की विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही।
वक्ताओं ने कहा कि देश के नवनिर्माण में सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की मजबूती के लिए प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




