टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीराजनीतिविकास

शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर डीएम सख्त, मतदान केंद्रों पर सुविधाएं पूरी करने के निर्देश

नजीबाबाद के राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर उमेश प्रताप सिंह ने परखी व्यवस्थाएं, 23 अक्टूबर को 12 केंद्रों के 13 मतदेय स्थलों पर होगा मतदान

बिजनौर, 10 अक्टूबर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने शनिवार को नजीबाबाद स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र पर आयोग द्वारा निर्धारित न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं (एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटीज) अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और मतदान से पहले सभी तैयारियों की जांच कराने के निर्देश भी दिए।

12 केंद्रों पर बनाए गए 13 मतदेय स्थल

जिलाधिकारी ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जनपद बिजनौर में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जिले में 12 मतदान केंद्रों पर कुल 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन कराने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित, सुचारु और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। मतदान से पहले सभी व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए, जिससे मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई, उपजिलाधिकारी नजीबाबाद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!