
बिजनौर, 8 अक्टूबर। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं की संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी जागेश्वर सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर निदेशक समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से पांच अक्टूबर को संशोधित समय-सारिणी के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटा तैयार कर प्रोफाइल लॉक करने की प्रक्रिया नौ अक्टूबर तक पूरी करनी होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा फीस और सीट का सत्यापन 11 अक्टूबर तक किया जाएगा।
नवीनीकरण श्रेणी के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने और उसकी हार्डकॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। जबकि नए (फ्रेश) छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर है।
आवेदन का फाइनल प्रिंट 19 अक्टूबर तक निकाला जा सकेगा। शिक्षण संस्थानों को आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 20 अक्टूबर तक करना होगा। इसके बाद आवश्यक अभिलेखों के साथ हार्डकॉपी जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है। संस्थानों के लिए ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण की एक अन्य समय-सीमा 26 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा वास्तविक छात्र-छात्राओं का सत्यापन 16 अक्टूबर से पांच नवंबर 2026 तक किया जाएगा। जनपदीय समिति द्वारा शुद्ध डाटा लॉक करने की प्रक्रिया 15 जनवरी 2027 तक पूरी की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन, सत्यापन और दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।




