
बिजनौर, 25 सितंबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बिजनौर के नोडल प्रधानाचार्य मंजुल मयंक ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ ने इस वर्ष पहली बार आईटीआई में प्रवेशित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन नाम कटवाने की सुविधा शुरू की है।
उन्होंने बताया कि प्रथम तीन चरणों में प्रवेश ले चुके ऐसे अभ्यर्थी, जो आवंटित ट्रेड या संस्थान से संतुष्ट नहीं हैं अथवा किसी अन्य कारण से प्रवेश निरस्त कराना चाहते हैं, 27 से 29 सितंबर 2026 तक संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर अपना नाम कटवा सकेंगे। अभ्यर्थियों को इसके लिए उचित कारण दर्ज करना होगा।
इस प्रक्रिया से उन अभ्यर्थियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है, जिन्होंने पहले तीन चरणों में ट्रेड परिवर्तन का विकल्प दिया था, लेकिन संबंधित ट्रेड में सीट रिक्त न होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका। नाम कटने के बाद रिक्त सीटों पर ऐसे अभ्यर्थियों को उनकी इच्छित ट्रेड में प्रवेश का अवसर मिल सकता है।
आईटीआई प्रशासन ने संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि में पोर्टल पर ऑनलाइन नाम कटवाने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है


