बिजनौर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। बिजनौर में इसका सजीव प्रसारण राणा फार्म में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को दीर्घकालीन कृषि ऋण रियायती ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता बिजनौर ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों के लिए सुलभ दर पर दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराने का प्रावधान है। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा।
सरकार ने योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि के अलावा कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर भी जोर दिया गया है।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बी-पैक्स के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को इससे जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. बीरवल सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राजवीर सिंह, जिला सहकारी संघ के अध्यक्ष पुष्पेंद्र शेखावत, जिला सहकारी बैंक के अधिकारी, उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक के अधिकारी, बी-पैक्स के पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।


