लखनऊ, 19 सितंबर। प्रदेश के उन्नाव जिला मुख्यालय पर डूडा कॉलोनी में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर मामा द्वारा उसकी मां के चरित्र को लेकर की गई टिप्पणी और उसे ‘नाजायज की औलाद’ कहे जाने से नाराज होकर उनकी हत्या कर दी। आरोप है कि युवक ने धारदार हथियार से मामा के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए और हत्या के बाद शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
मामला सदर कोतवाली क्षेत्र की डूडा कॉलोनी नंबर 5/12 का है। यहां रहने वाले दीपनारायण पांडेय उर्फ छोटू (42) ई-रिक्शा चलाते थे। उनके साथ उनका भांजा उमंग त्रिपाठी, निवासी नेवरना, थाना अचलगंज, भी रहता था। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
रात में हुआ विवाद, सुबह हत्या से मचा हड़कंप
पड़ोसी सुधीर शुक्ला के अनुसार, उमंग की मां के चाल-चलन को लेकर मामा-भांजे के बीच अक्सर विवाद होता था। बृहस्पतिवार रात भी दोनों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मामला हिंसक हो गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान उमंग ने पास में रखे धारदार हथियार से दीपनारायण पर हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर कई वार किए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
चादर से शव ढकते समय पड़ोसी की पड़ी नजर
हत्या के बाद आरोपी शव को छिपाने की कोशिश कर रहा था। उसने शव को चादर से ढक दिया। इसी दौरान पड़ोसी सुधीर शुक्ला की नजर उस पर पड़ गई। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सीओ विनी सिंह, कोतवाल चंद्रकांत मिश्र, काशीराम चौकी और सदर चौकी प्रभारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
‘नाजायज की औलाद’ कहने पर भड़का गुस्सा
पुलिस पूछताछ में आरोपी उमंग ने बताया कि उसका मामा नशे की हालत में उसकी मां के बारे में अपशब्द कहता था और उसके चाल-चलन को लेकर लगातार ताने देता था। आरोपी के मुताबिक, गुरुवार रात विवाद के दौरान मामा ने उसे ‘नाजायज की औलाद’ कह दिया। इसी बात से वह गुस्से में आ गया और उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पोस्टमार्टम में मिले 10 गहरे घाव
हत्या की गंभीरता का अंदाजा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी लगाया जा सकता है। सीएचसी रसूलपुर रूरी के डॉ. शोएब अली और सीएचसी असोहा के डॉ. अरविंद कुमार के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार, सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए कुल 10 गहरे घाव मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रथमदृष्टया धारदार हथियार से लगातार किए गए हमले को हत्या का कारण माना जा रहा है। पड़ोसी सुधीर शुक्ला की तहरीर के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।




