

अंडर-17 विश्व वॉलीबाल चौंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और जनपद बिजनौर का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी आर्यन गंगवाल को नेहरू स्टेडियम बिजनौर 51 हजार रूपये का चेक देकर सम्मानित करते भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी ‘मौसम भैय्या’
बिजनौर। दोहा, कतर में आयोजित अंडर-17 विश्व वॉलीबाल चौंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर भारत और जनपद बिजनौर का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ी आर्यन गंगवाल का नेहरू स्टेडियम बिजनौर में जिला वॉलीबाल संघ की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 29 अगस्त 2026 तक दोहा में हुआ।
सम्मान समारोह में एडवोकेट ऐश्वर्य मौसम चौधरी ‘मौसम भैया’ ने आर्यन गंगवाल को 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। उन्होंने पूर्व में किए अपने वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करके लौटेंगे, उन्हें सम्मानित करने के साथ खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मौसम भैया ने खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि तीन माह के भीतर वॉलीबाल का सिंथेटिक कोर्ट तैयार कराया जाएगा। इसके अलावा सभी खेलों के खिलाड़ियों को आवश्यक खेल उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके लिए 15 दिन के भीतर सामग्री उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने हॉकी खिलाड़ियों के लिए हॉकी सामग्री और किट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
सभी पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने आर्यन गंगवाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने और जनपद का गौरव बढ़ाने पर बधाई दी। उन्होंने आर्यन के उज्ज्वल एवं यशस्वी खेल जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र सोलंकी ने किया। समारोह में खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी, उपाध्यक्ष ओमवीर राणा, सचिव अजीत तोमर, जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार, जिला तैराकी संघ के सचिव बीपी सिंह, हॉकी कोच चित्र चौहान सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।



