
मुरादाबाद, 18 सितंबर। मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान शुक्रवार सुबह एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बरेली निवासी शिवम यादव 9वीं वाहिनी पीएसी के मैदान में आयोजित दौड़ में शामिल थे। दौड़ के दौरान वह अचानक बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। मौके पर मौजूद भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों और स्वास्थ्य टीम ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब आठ बजे हुई। शिवम यादव, पुत्र विनोद यादव, बरेली के मणिनाथ कॉलोनी क्षेत्र के राजपुर कला के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचना दी गई है।
परिजनों के मुताबिक शिवम ने बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और परिवार का खर्च चलाने के लिए बच्चों को घर पर कोचिंग पढ़ाते थे। उनके परिवार में पत्नी कोमल और तीन वर्ष की बेटी है। शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।



