

बिजनौर, 10 सितंबर। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजय रहाटकर ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में पूर्व में चिन्हित 30 तथा नई 90 शिकायतों समेत कुल 120 मामले सामने आए। आयोग की अध्यक्षा ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच कर 15 दिन के भीतर गुणवत्तापरक एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पॉक्सो एक्ट, दहेज उत्पीड़न, पेंशन, आवास तथा ससुराल में उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। विजय रहाटकर ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद से जुड़े तीन मामलों में आपसी मतभेद दूर कराए गए। बातचीत के बाद तीनों दंपतियों ने साथ रहने पर सहमति जताई।
आयोग की अध्यक्षा ने महिलाओं से कहा कि वे अपने ऊपर होने वाले किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को सहन न करें और इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों अथवा राष्ट्रीय महिला आयोग में करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए आयोग हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान भी किया।
विजय रहाटकर ने जिलाधिकारी जसजीत कौर के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे

