जिला कारागार में चिकित्सा शिविर, बंदियों व कार्मिकों की हुई स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई, ने किया


जिला कारागार में रविवार को लायन्स क्लब और लायनेस क्लब बिजनौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चिकित्सा शिविर में मरीजो की जांच करते चिकित्सक। (फोटो)
बिजनौर, 30 अगस्त। जिला कारागार बिजनौर में रविवार को लायन्स क्लब बिजनौर और लायनेस क्लब बिजनौर के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बंदियों और कारागार कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार दवाओं का भी वितरण किया गया।
शिविर में नाक-कान-गला, नेत्र, त्वचा, हृदय, हड्डी, दंत रोग तथा सामान्य चिकित्सा के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। इसके अलावा क्लीनिकल पैथोलॉजी और प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। बंदियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और उपचार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक के.के. विश्नोई, लायन्स क्लब बिजनौर के अध्यक्ष पीयूष कुमार तथा लायनेस क्लब बिजनौर की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान लायनेस क्लब की ओर से जिला कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों को कपड़े एवं साड़ियां भी वितरित की गईं।
दोनो संस्थाओं ने आगामी गणतंत्र दिवस, 26 जनवरी को जिला कारागार में इसी प्रकार का चिकित्सा शिविर आयोजित करने की घोषणा की। कार्यक्रम के समापन पर जेल अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।


