
बिजनौर, 30 सितंबर। जनपद में आधार संबंधी गतिविधियों की समीक्षा के लिए गठित जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की त्रैमासिक बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आधार नामांकन, आधार विवरण अपडेट तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने कहा कि आधार का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए पहचान के प्रमाण के रूप में किया जा रहा है। ऐसे आधारधारक, जिन्होंने करीब 10 वर्ष पहले अपना आधार बनवाया था और उसके बाद अपने आधार में दस्तावेज अपडेट नहीं कराए हैं, वे पहचान और पते से संबंधित दस्तावेजों को अपडेट करा लें। उन्होंने कहा कि आधार में नवीनतम जानकारी उपलब्ध रहने से प्रमाणीकरण और सत्यापन के दौरान होने वाली संभावित असुविधा से बचने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यूआईडीएआई की ओर से आधार में पहचान एवं पते के प्रमाण से संबंधित दस्तावेज अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आधारधारक माई आधार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दस्तावेज अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्र पर जाकर भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित ने बैठक में जिले में आधार सेवाओं की स्थिति और निर्धारित शुल्क की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में आधार संबंधी कार्य के लिए 12 एजेंसियां कार्यरत हैं और इनके पास 237 किट/मशीन उपलब्ध हैं। अगस्त 2026 में जिले में 7,086 नए आधार नामांकन किए गए, जबकि इस अवधि में 37,814 आधार अपडेट किए गए।
बैठक में उन्होंने आधार सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क की भी जानकारी दी। सामान्य आधार नामांकन निःशुल्क है, जबकि फोटो, उंगलियों के निशान और आंखों की पुतली जैसे जैविक विवरण के अपडेट के लिए 125 रुपये शुल्क निर्धारित है। नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर आदि जनसांख्यिकीय विवरण अलग से अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है।
कार्यक्रम में दस्तावेज अपडेट को लेकर बताया गया कि माई आधार पोर्टल के माध्यम से 14 जून 2027 तक दस्तावेज अपडेट की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है, जबकि पंजीकृत आधार केंद्र पर दस्तावेज अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है। आधार पीवीसी कार्ड के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है। वहीं आधार प्रिंटिंग, खोज तथा ए-4 आकार की रंगीन प्रति के लिए 40 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार नए आधार रजिस्ट्रेशन व 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष तक के बच्चों के मैंडेटरी आधार अपडेट तथा 7 से 15 वर्ष तक के बच्चों के अवधि बढ़ाने के कार्यों पर कोई शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, इसके अतिरिक्त बायोमैट्रिक अपडेट के लिए जैसे फिंगरप्रिंट, आइरिस या फोटोग्राफ के लिए 125 रुपए जीएसटी सहित निर्धारित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आधार से संबंधित सेवाओं के लिए आधार एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। आधार संबंधी किसी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1947 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा 0522-2304978 और 0522-2304979 नंबरों पर भी संपर्क की जानकारी दी गई। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


