
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में प्रशासक जिला पंचायत साकेन्द्र प्रताप सिंह और जिलाधिकारी जसजीत कौर नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करते हुए।(फोटो)
बिजनौर, 25 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। इसके बाद प्रशासक जिला पंचायत साकेन्द्र प्रताप सिंह और जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बिजनौर के 44 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
ईमानदारी से निभाएं जिम्मेदारी-साकेन्द्र प्रताप सिंह
इस अवसर पर प्रशासक जिला पंचायत साकेन्द्र प्रताप सिंह ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें कृषि क्षेत्र में अपनी तकनीकी क्षमता और अनुभव का उपयोग करते हुए नए आयाम स्थापित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवचयनित सहायकों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया, ताकि किसानों तक सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी तकनीकी सुविधाओं का प्रभावी लाभ पहुंच सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. घनश्याम वर्मा, जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और नवचयनित प्राविधिक सहायक मौजूद रहे।
