टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीविकास

बाढ़ को लेकर बिजनौर प्रशासन अलर्ट, बाढ़ संभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

संवेदनशील गांवों में बनाई गईं बाढ़ चौकियां कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय

बिजनौर, 19 अगस्त। जिले में नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा और एसडीएम धामपुर विनीत कुमार ने अपने-अपने तहसील क्षेत्रों के संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक दोनों तहसीलों में फिलहाल कहीं भी बाढ़ या कटान की स्थिति नहीं है, हालांकि जलस्तर में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा ने कुंदनपुर तथा गलखा देवी मंदिर के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और भरोसा दिलाया कि किसी भी विषम परिस्थिति में प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील गांवों को चिन्हित कर लिया गया है। जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए बाढ़ चौकी का उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल प्रशासन के कंट्रोल रूम से संपर्क करें। सदर तहसील क्षेत्र के लिए ’’01342-262031’’ और 01342-262295 नंबर जारी किए गए हैं।
तटबंध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश
एसडीएम धामपुर विनीत कुमार ने नंगला भज्जा, कोपा, शाहलीपुर निचल, नाथढोई और नंदग्राम सहित विभिन्न संभावित बाढ़ क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जलस्तर बढ़ा है, लेकिन अभी कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को तटबंध का कार्य आगे तक पूरा कराने तथा सैंड पैक को अधिक मजबूती देने के लिए रस्सी के स्थान पर मेटल वायर से बांधने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया कि धामपुर तहसील क्षेत्र में भी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील गांवों का चिन्हांकन किया गया है तथा बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। किसी भी आपात स्थिति में इनका उपयोग किया जाएगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा धामपुर कंट्रोल रूम
धामपुर तहसील में बाढ़ के मद्देनजर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। तहसील क्षेत्र के लोग किसी भी समस्या या सहायता के लिए 01344-230035 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए निगरानी और तैयारियों में कोई कमी नहीं बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!