टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीलोकल न्यूज़विकास

संपूर्ण समाधान दिवस में 24 शिकायतें दर्ज, दो का मौके पर निस्तारण

डीएम जसजीत कौर ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश, कहा- पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे

बिजनौर, 17 अगस्त। नजीबाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करें और तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी हो सुनिश्चित

डीएम ने कहा कि वर्तमान और लंबित शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। शिकायतों के निस्तारण की आख्या के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी दर्ज की जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता का सही आकलन हो सके।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समय से मिले। कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 24 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निस्तारण करा दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापरक और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!