
बिजनौर। गोविंदा मॉर्निंग क्लब, बिजनौर द्वारा रविवार को राष्ट्रीय मित्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे को पुष्प भेंट कर मित्रता का संदेश दिया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कर्मचारी नेता राकेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय मित्रता दिवस प्रत्येक वर्ष अगस्त माह के पहले रविवार को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में सच्चा मित्र वह होता है, जिसके साथ व्यक्ति अपनी समस्याएं साझा कर उनका समाधान खोज सकता है। मित्रता सामाजिक जीवन की सबसे मजबूत कड़ी है।
उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग और प्रातः भ्रमण (वॉकिंग) को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मित्रों के समूह बनाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। प्रातः भ्रमण के बाद क्लब के सदस्यों ने एक साथ चाय पर चर्चा की और राष्ट्रीय मित्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. प्रमोद कुमार गंज वाले, एडवोकेट राजीव चौहान, आशाराम सिंह, अशोक कुमार यादव, संजीव कुमार बिश्नोई, राकेश कुमार शर्मा, दिनेश चौहान, रतिराम सिंह, के.पी. सिंह, पंकज बिश्नोई सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


