टॉप न्यूज़देशबिजनौरयूपी

चीनी मिले पेराई सत्र की तैयारियां समय से पूरी करें- जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह

बिलाई चीनी मिल को जल्द करना होगा गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान, डीएम ने चीनी मिल प्रबंधकों के साथ की समीक्षा बैठक

बिजनौर, 13 अक्टूबर। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जिले की चीनी मिलों के प्रबंधकों के साथ बैठक कर पिछले पेराई सत्र के गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि बिलाई चीनी मिल को छोड़कर जिले की अन्य सभी चीनी मिलों ने पिछले पेराई सत्र के गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को कर दिया है। इस पर जिलाधिकारी ने बिलाई चीनी मिल प्रबंधन को बकाया भुगतान जल्द करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर संबंधित चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी मिल प्रबंधकों को किसानों के हितों को प्राथमिकता देने और गन्ना मूल्य का भुगतान समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेराई सत्र की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

बैठक में आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी चीनी मिलों को निर्धारित समय पर पेराई शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने गन्ना पर्ची वितरण, तौल व्यवस्था और किसानों से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

नजीबाबाद सहकारी चीनी मिल के संचालन की सराहना

समीक्षा के दौरान नजीबाबाद सहकारी चीनी मिल के लाभ की स्थिति में संचालित होने की जानकारी सामने आई। जिलाधिकारी ने मिल प्रबंधन की सराहना करते हुए बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि मिल की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे और किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।

बैठक में जिला गन्ना अधिकारी बृजेश कुमार पटेल, बिजनौर शुगर मिल के ाप्रबंधक रविन्दर शुक्ला सहित जिले की विभिन्न चीनी मिलों के प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!