
बिजनौर, 16 सितंबर। जनपद के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित संकल्प सेवा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा जनसहभागिता के माध्यम से कार्यक्रमों को संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को केंद्र में रखते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को जनसहभागिता के साथ दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में नहटौर विधायक ओम कुमार ने विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने तथा उनमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया ने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने को कहा। भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने अभियान के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने का सुझाव दिया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को आपसी विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के साथ कार्यक्रमों का आयोजन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 17 सितंबर को अभियान का शुभारंभ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा। इनमें फल वितरण, टूल किट वितरण और रक्तदान शिविर शामिल हैं। इसके अलावा शाम के समय गंगा बैराज, कण्व ऋषि आश्रम, नेहरू स्टेडियम, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और विदुर कुटी सहित विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘मेरा सपनों का भारत’ चित्र सेवा, ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा कलश यात्रा’, ‘विकसित बिजनौर का संकल्प’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रशासक जिला पंचायत साकेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी, विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व मंत्री अशोक कटारिया, पुलिस अधीक्षक केके बिश्नोई अन्य अधिकारी व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।




