बिजनौर,29 सितंबर। मंगलवार सुबह बढ़ापुर क्षेत्र के चमारान गढ़ी गांव में उस वक्त ग्रामीणों की नजरें आसमान पर टिक गईं, जब भारतीय सेना के दो हेलीकॉप्टर इलाके के ऊपर चक्कर लगाते नजर आए। कुछ ही देर बाद एक हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के चलते गांव के एक कीचड़ भरे खेत इमरजेंसी लैडिंग करनी पड़ी।
हेलीकॉप्टर के खेत में उतरते ही आसपास के ग्रामीणों में हलचल मच गई और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के अनुसार हेलीकॉप्टर करीब 20 मिनट तक खेत में खड़ा रहा। इस दौरान पायलट नीचे उतरे और हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी कमी को ठीक करने लगा।
खास बात यह रही कि इस दौरान दूसरा हेलीकॉप्टर आसमान में ही चक्कर लगाता रहा। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद खेत में उतरा हेलीकॉप्टर दोबारा हवा में उठा और दोनों हेलीकॉप्टर वहां से रवाना हो गए।
उड़ान के बाद खेत में मिला मोबिल ऑयल
हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के बाद कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, खेत में काफी मात्रा में मोबिल ऑयल बिखरा हुआ मिला। वहीं, हेलीकॉप्टर के खेत में उतरने और वहां खड़े रहने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
तकनीकी खराबी की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी किस वजह से आई थी। इस संबंध में न ही सेना की ओर से न ही स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान दिया गया है।
हालांकि, सेना के हेलीकॉप्टर के अचानक खेत में उतरने की घटना ने चमारान गढ़ी में सुबह के समय लोगों का ध्यान जरूर खींच लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहंुचे गये तथा अपने मोबाईल से विडियो बनाने लगे। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


