टॉप न्यूज़बिजनौरयूपीशिक्षा

शिक्षा में असमानता से बढ़ रहा सामाजिक असंतुलन – लाल सिंह एडवोकेट

देशभर में एक समान पाठ्यक्रम और निःशुल्क शिक्षा की पैरवी, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को समान अवसर देने पर जोर

बिजनौर। आभास महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह एडवोकेट ने देश में समान शिक्षा व्यवस्था लागू किए जाने की जोरदार मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त असमानता के कारण गरीब और कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे सामाजिक और आर्थिक असंतुलन बढ़ रहा है।

लाल सिंह एडवोकेट ने सरकार से ‘वन नेशन, वन एजुकेशन सिस्टम’ लागू करने की अपील करते हुए कहा कि देशभर में शिक्षा का एक समान ढांचा और समान पाठ्यक्रम होना चाहिए, ताकि प्रत्येक वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने का बराबर अवसर मिल सके।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क शिक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि महंगी शिक्षा के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लाखों बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। यदि सरकार निःशुल्क शिक्षा की प्रभावी व्यवस्था लागू करती है, तो इसका सीधा लाभ देश की बड़ी आबादी को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित होगा, तभी भारत वास्तविक अर्थों में विकसित और सशक्त राष्ट्र बन सकेगा।

लाल सिंह एडवोकेट ने कहा कि सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता तभी संभव है, जब शिक्षा सभी के लिए समान रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा के क्षेत्र में ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि समान एवं सुलभ शिक्षा व्यवस्था देश के भविष्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!