टॉप न्यूज़बिजनौरयूपी

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 25 शिकायतें दर्ज, दो का मौके पर निस्तारण

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

बिजनौर, 17 जनवरी 2026।

शासन के निर्देशों के अनुपालन में तहसील नजीबाबाद के नव-निर्मित कवि दुष्यंत कुमार सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने स्पष्ट किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य एक ही स्थान पर जिला स्तरीय समस्याओं का समाधान करना है, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी कारणवश मौके पर शिकायत का निस्तारण संभव न हो, तो उसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ हल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि वर्तमान व लंबित सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि की आख्या भी रिपोर्ट के साथ संलग्न की जाए। साथ ही यह भी कहा कि शासन की मंशा है कि सभी पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ मिले और कोई भी व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का निस्तारण संभव नहीं है, तो उसका स्पष्ट कारण लिखित रूप में शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, जिससे अनावश्यक पुनः शिकायत की स्थिति न बने।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!