बिजनौर की 1,114 ग्राम पंचायतों में 94,454 श्रमिकों के मस्टररोल जारी
विशेष रोजगार सृजन दिवस पर मनरेगा श्रमिकों को काम देने की पहल, अधिकारियों ने विभिन्न विकास खंडों में पहुंचकर किया श्रमदान


बिजनौर। विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत जिले में विशेष रोजगार सृजन दिवस का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत जनपद की कुल 1,123 ग्राम पंचायतों में से 1,114 ग्राम पंचायतों में 94,454 श्रमिकों को नियोजित करने के लिए मस्टररोल जारी किए गए। कार्यक्रम शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया।
उपायुक्त (श्रम रोजगार) आरबी यादव की ओर से मीडिया को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आयुक्त ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश के 1 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के क्रम में 12 अक्टूबर को विशेष रोजगार सृजन दिवस मनाया गया। योजना के कार्यों के पर्यवेक्षण और निरीक्षण के लिए विभिन्न अधिकारियों को नामित किया गया। जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने दिनभर कार्यक्रम की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने विभिन्न विकास खंडों में किया श्रमदान
मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने मुजफ्फरपुर केसों ग्राम पंचायत में चल रहे कार्यों पर श्रमिकों के साथ श्रमदान किया। परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण ने नजीबाबाद विकास खंड में, जिला विकास अधिकारी ने जलीलपुर, उपयुक्त श्रम रोजगार ने हल्दौर, उपयुक्त स्वतः रोजगार ने धामपुर, उप कृषि निदेशक ने किरतपुर और सहायक अभियंता ने नूरपुर विकास खंड में श्रमदान किया। विज्ञप्ति में बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने श्रमिकों के साथ सहभागिता कर रोजगार सृजन संबंधी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया श्रमिकों का उत्साह
कार्यक्रम में धामपुर विधायक अशोक राणा, स्वाहोरा के ब्लॉक प्रमुख उज्ज्वल कुमार चौहान, नहटौर की ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार, हल्दौर की ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र कुमार, नूरपुर की ब्लॉक प्रमुख आकांक्षा चौहान और नजीबाबाद के ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने सहभागिता कर श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया।




