
बिजनौर। जिले में 30 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित यूपी गंगा ट्रेक कैंप 2026 में उत्तर प्रदेश एनसीसी निदेशालय के अपर महानिदेशक मेजर जनरल गौरव गौतम, वीएसएम ने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। 9 से 16 अक्टूबर तक चल रहे इस शिविर में प्रदेश के 11 एनसीसी ग्रुपों के 510 कैडेट्स और 15 एसोसिएट एनसीसी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
12 अक्टूबर को शिविर में पहुंचे मेजर जनरल गौरव गौतम ने विभिन्न एनसीसी ग्रुपों से आए कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने उन्हें अनुशासन, टीम भावना, साहस और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कैडेट्स को संबोधित करने के बाद उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता की और शिविर के उद्देश्यों, गतिविधियों तथा प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान मेजर जनरल गौरव गौतम ने नाव से हैदरपुर वेटलैंड का भ्रमण भी किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यावरणीय महत्व का अवलोकन किया। शिविर के माध्यम से कैडेट्स को प्रकृति के करीब आने और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर मिल रहा है।
यूपी गंगा ट्रेक कैंप-3 का उद्देश्य युवाओं में साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ाना, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक कार्यकुशलता विकसित करना तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। शिविर में विभिन्न एनसीसी ग्रुपों के कैडेट्स की सहभागिता उन्हें एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और अपनी क्षमताओं को निखारने का अवसर दे रही है



