
बिजनौर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त होने वाली सीट के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। निर्वाचित सदस्य हरी सिंह ढिल्लों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण यह सीट रिक्त होगी।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर रहेगी।
23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन प्रक्रिया को हर स्थिति में 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
बिजनौर में आदर्श आचार संहिता लागू
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिजनौर जिले में निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों और अन्य संबंधित पक्षों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्धारित नियमों एवं निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।



