

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान दौड़ में सफल नहीं होने के बाद गाजीपुर के एक युवक ने बिजली के खंभे पर चढ़कर तार पकड़ लिया। करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना मंगलवार को जौनपुर के सिद्दीकपुर स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास हुई। पुलिस के अनुसार, गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ीपुर निवासी अमन (25) होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुआ था। दौड़ में सफल नहीं होने के बाद वह स्टेडियम से करीब 500 मीटर दूर चला गया और बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसके बाद उसने बिजली के तार को पकड़ लिया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, युवक को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
