
गाजियाबाद , 10 सितंबर। खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नेहरू गार्डन पुलिस चौकी के बाहर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई और युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार नेहरू गार्डन कॉलोनी निवासी मोनू का कॉलोनी में पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा है। बुधवार रात किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिए।
चौकी में बातचीत के दौरान उठाया कदम
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों को मामले की जानकारी और शिकायत के संबंध में चौकी बुलाया गया था। इसी दौरान मोनू कथित तौर पर गुस्से में चौकी से बाहर आया और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली। अचानक आग लगने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और उसे अस्पताल भेजा।
घटना का वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक अपने ऊपर पेट्रोल डालने के बाद माचिस से आग लगाता दिखाई दे रहा है। आग लगने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच जाती है और पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौड़ते नजर आते हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बुधवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों ने अपने-अपने प्रार्थना पत्र पुलिस को दिए हैं। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


