
नजीबाबाद। नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रमों के क्रम में नांगल मंडल के ग्राम गौसपुर तथा गजरौला मंडल के ग्राम लाठीपुरा (मुबारकपुर राठे) में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में लीना सिंघल ने ग्रामीणों को संबोधित किया और क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया।
ग्राम गौसपुर में आयोजित नुक्कड़ सभा में लीना सिंघल ने ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए क्षेत्र की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों के विचारों एवं सुझावों को सुना और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने की बात कही। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सहित ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में गजरौला मंडल के ग्राम लाठीपुरा (मुबारकपुर राठे) में आयोजित नुक्कड़ सभा में भी उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामवासियों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को सुनकर विकास की दिशा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने आत्मीयता के साथ स्वागत किया। लीना सिंघल ने ग्रामवासियों के स्नेह, समर्थन और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नजीबाबाद विधानसभा को विकास, जनसेवा और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद की निरंतरता से जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत होता है तथा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल संभव होती है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान, स्थानीय गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


