पीडीए चौपाल में गरजे पूर्व मंत्री रमेश प्रजापति, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
हसनपुर पालकी में सपा का पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम, आगामी चुनाव में सरकार बदलने का आह्वान


धामपुर। धामपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव हसनपुर पालकी में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रमेश प्रजापति रहे। जिलाध्यक्ष हनी फैसल और पूर्व विधायक नईम उल हसन सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रमेश प्रजापति ने भाजपा सरकार पर पिछड़े, दलित और गरीब वर्गों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़े और दलित समाज के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध जैसे मुद्दों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
रमेश प्रजापति ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों को सम्मान एवं न्याय दिलाने के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आगामी चुनाव में सपा को मजबूत करने तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, आरक्षण और रोजगार पिछड़े, दलित एवं गरीब वर्गों के अधिकार हैं। आरोप लगाया कि सरकारी और प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने प्रजापति समाज का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में प्रजापति समाज के हित में कई पहल की गई थीं।
संविधान और लोकतंत्र बचाने का आह्वान
सपा जिलाध्यक्ष हनी फैसल ने भाजपा पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान मताधिकार दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
पूर्व विधायक नईम उल हसन ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पीडीए वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनू प्रधान ने की, जबकि संचालन राजपाल प्रजापति ने किया। इस दौरान जिला महासचिव धनंजय यादव, जिला सचिव मेरठ नीटू प्रजापति, प्रवक्ता अखलाक पप्पू, महिला जिलाध्यक्ष प्रभा चौधरी, कृपारानी प्रजापति, कमलेश भुईयार, अनिल प्रजापति, अहमद खिजर खान, हाजी जावेद राईन, डॉ. कुंतेश सैनी, डॉ. शमसाद सैफी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



